कैराना। युवक ने कुछ लोगों पर बहाने से जंगल में ले जाकर मारपीट, सिर के बाल काटने और नाजुक अंग पर हमला करने का आरोप लगाया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
कांधला क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि 16 दिसंबर को एक युवक उसे बहाने से बुलाकर तीतरवाड़ा ले गया। वहां पर तीन युवक और मिले। चारों युवक उसे बहला फुसलाकर जंगल में ले गए तथा उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसके सिर के बाल काट दिए तथा उसके नाजुक अंगों पर चोट पहुंचाई। आरोपियों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर नेट पर वायरल कर दी तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले में उसने तीतरवाड़ा पुलिस चौकी पर तहरीर दी थी। तीन जनवरी को चौकी प्रभारी ने रात में उसे फोन करके बुलाया तथा दो कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराकर वापस भेज दिया। घटना के संबंध में कुछ लोगों ने जनपद पुलिस को एक्स पर शिकायत की। जिस पर पुलिस ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा कैराना पुलिस को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पीड़ित की तहरीर पर आरोपी सौभान निवासी गांव हाजीपुर दुगड्डा थाना कांधला, वाहिद निवासी तीतरवाड़ा, साकिब निवासी गोगवान और काला निवासी अकबरपुर सुनहटी के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर ली थी। जांच के दौरान कुछ तथ्य प्रकाश में आए हैं जिस पर एनसीआर को मुकदमे में तरमीम किया जाएगा। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।