शामली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर (बुधवार को) आरके इंटर कॉलेज के मैदान पर विशाल योग शिविर लगेगा, जिसमें प्रदेश की बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल भी हिस्सा लेंगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने योग शिविर आयोजकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां पूरी करा ली हैं। इसके अलावा वीवी इंटर कॉलेज सहित जिले के विभिन्न कस्बों में भी योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
विशाल योग शिविर में राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल पहुंचेंगी। इसके चलते मंगलवार को जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार, एसडीएम शामली सुरजीत सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक ने आरके इंटर कॉलेज में पहुंचकर योग शिविर की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि योग शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।
करीब दो हजार साधकों को योग अभ्यास के लिए इंतजाम किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर साधकों को पेयजल की व्यवस्था भी कराई गई है। उधर, आरके इंटर कॉलेज में चल रहे मंगलवार को शहर के आरके इंटर कॉलेज में चल रहा 30 दिवसीय योग शिविर का अंतिम दिन रहा। सभी योग साधकों को योगाचार्य श्रीपाल धामा ने योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।
प्रशिक्षण ले रहे साधकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी को एक महीने के अंदर सिखाई गई योग क्रियाओं को अपने परिजनों व पड़ोसियों को भी सिखाने का आग्रह किया। इसके साथ ही बुधवार को योग दिवस पर होने वाले कार्यक्रम सामूहिक योग प्रदर्शन के लिए रिहर्सल कराते हुए कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान प्रधानाचार्य लोकेंद्र, रामकुमार, राजकुमार, अमृता, रघुवंशी, सुमन, सुनिता, राजबाला, सुशीला, अनिल, कुमुद शर्मा आदि मौजूद रहे।
विश्व योग दिवस के लिए कसी कमर
कांधला। शामली के जिला योग प्रभारी तरुण अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि योग हमारे जीवन में सबसे महत्वपूर्ण है। पूरे भारत में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी अलख जगाई है। 21 जून को योग शिविर का आयोजन पूरे भारत में किया जाएगा। इसमें मंडल, जिला, प्रदेश स्तर, सैनिक, खिलाड़ी, मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने बताया की शामली के हनुमान टिल्ला में योग प्रमुख विकास जिंदल, कांधला में श्री वैष्णो देवी मंदिर में भुवेंद्र राघव, एलम के इंटर कॉलेज में नीरज उपाध्याय, बनत में अमित शर्मा, थानाभवन के वंदना बैंक्वेट हाल में भूमेश नारंग, जलालाबाद की पाल धर्मशाला में दीपक बजरंगी, कैराना के सरस्वती शिशु मंदिर में मोहनलाल, कंडेला मंडल के डूंडूखेड़ा में शिव मंदिर में प्रदीप कौशिक, ऊन में डीएवी इंटर कॉलेज में सुशील गर्ग, गढ़ी पुख्ता के अग्रवाल धर्मशाला में ऋषिपाल सैनी के नेतृत्व में 21 जून की सुबह छह बजे से आठ बजे तक योगाभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। ब्यूरो