कैराना में एक बार फिर से बढा यमुना नदी का जलस्तर।
- फोटो : SHAMLI
कैराना। दो दिन पहले यमुना में छोडे़ गए 36 हजार क्यूसेक पानी के कारण बृहस्पतिवार सुबह यमुना का जलस्तर चेतावनी बिंदू पर पहुंच गया। दो दिन पहले छोडे़ गए पानी के आगे निकलने के बाद शाम के समय यमुना का जलस्तर 20 सेमी कम हो गया।
मंगलवार शाम हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में करीब 36 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड के हिसाब से छोड़ा गया था। उक्त पानी कैराना यमुना पुल के पास बृहस्पतिवार सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गया था। जिस कारण बृहस्पतिवार सुबह सात बजे यमुना का जल स्तर चेतावनी बिंदू 230 मीटर पर पहुंच गया था। उक्त पानी के कैराना पुल से आगे निकलने के बाद शाम के समय यमुना का जलस्तर 20 सेमी कम होकर 229.8 मीटर पर आ गया। ड्रेनेज विभाग के एई विनोद कुमार ने बताया कि दो दिन पहले छोडे़ गए 36 हजार क्यूसेक पानी के कारण बृहस्पतिवार सुबह यमुना चेतावनी बिंदू पर बह रही थी। जो बाद में घट कर 229.8 मीटर पर आ गई। बृहस्पतिवार को हथिनीकुंड कंट्रोल रूम से यमुना में छोडे़ जाने वाले पानी का मात्रा छह हजार क्यूूसेक के आसपास रही।