शामली। सहकारी समिति कर्मचारी यूनियन ने मांगे पूरी न होने पर कलमबंद हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
शनिवार को मिल रोड स्थित जिला सहकारी बैंक के मीटिंग हाल में सहकारी समिति कर्मचारी यूनियन की मीटिंग हुई, जिसमें जनपद के समस्त कर्मचारी एवं संविदाकर्मी उपस्थित रहे। मीटिंग में कहा गया कि समितियों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नौ माह से वेतन नहीं मिला है।
इसकी वजह से संविदाकर्मियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मीटिंग के बाद यूनियन के जिलाध्यक्ष सोमपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष नीरज प्रताप सिंह, महामंत्री संदीप कुमार, संगठन मंत्री रणधीर सिंह और समस्त कर्मचारी इकट्ठा होकर जिला सहायक आयुक्त (सहायक निबंधक सहकारी समितियां) के पास पहुंचे।
उन्हें ज्ञापन देकर मांग शीघ्र पूरी कराने की मांग की। मांग पूरी न होने पर कलमबंद हड़ताल करने की चेतावनी भी दी गई। सहायक निबंधक ने इस बारे में उच्चाधिकारियों से वार्ता करके वेतन तीन चार दिन में दिलाने का आश्वासन दिया।