शामली। शहर के भैंसवाल रोड पर पालिका के डंपिंग ग्राउंड में हजारों टन कूड़े के निस्तारण में वर्क ऑर्डर का पेंच फंसने की वजह से अभी काम शुरू नहीं हो पाया है। एक माह पहले जिस कंपनी का टेंडर स्वीकृत हुआ है, उसे तीन माह का ट्रायल करने के बाद वर्क ऑर्डर जारी करने के लिए कहा गया है। उधर, आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट का निर्माण कार्य कूड़ा न हटने की वजह से प्रभावित हो सकता है।
पालिका के डंपिंग ग्राउंड में आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट का निर्माण सीएंडडीएस कंपनी द्वारा शुरू कर दिया गया है। फिलहाल मशीन से कूड़ा इधर-उधर हटाकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। कंपनी ने पालिका से हजारों टन कूड़े के पहाड़ को हटाने के लिए कहा था, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की कोई दिक्कत न आए। कूड़े के निस्तारण के लिए पालिका ने टेंडर निकाला था। पालिका ने करीब 34 हजार टन कूड़ा इकट्ठा होने का आंकलन करते हुए अधिकतम दाम 527 रुपये प्रति टन निर्धारित किया था। पिछले महीने सात जनवरी को कंपनी के दस्तावेजों की जांच के बाद सबसे कम दाम 525.42 रुपये प्रति टन दिल्ली की टीकेजे नाम की कंपनी को टेंडर स्वीकृत हुआ था। स्वीकृति के बाद कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाना था।
पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि पालिका चेयरपर्सन की तरफ से वर्क ऑर्डर जारी करने की स्वीकृति नहीं मिली है। कंपनी को तीन माह काम करके दिखाने के लिए कहा गया है। उधर, पालिका चेयरपर्सन अंजना बंसल का कहना है कि कंपनी के कार्य का तीन माह का ट्रायल लिया जाएगा। इसके बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। कंपनी से इस संबंध में बात हो गई है।