शामली। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर जिले के फार्मासिस्ट भी चरणबद्ध् तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। रविवार को जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में फार्मासिस्टों ने काला फीता बांधकर कार्य किया।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन का अपनी मांगों को लेकर तीसरा चरण चल रहा है, जिसमें नौ दिसंबर से रोजाना सुबह आठ बजे से दस बजे तक फार्मासिस्ट दो घंटे कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। रविवार को जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले आयोजित किए गए। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिला मंत्री संजीव शर्मा ने बताया कि फार्मासिस्टों ने अपनी मांगों को लेकर जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में काली पट्टी बांधकर कार्य किया।
उन्होंने बताया कि सोमवार को भी उनका सुबह का दो घंटे कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। 16 दिसंबर तक सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो 17 दिसंबर से अगले चरण में पूूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। चार दिसंबर को सीएमओ कार्यालय पर फार्मासिस्टों ने धरना देकर सीएमओ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया था। इसके बाद आठ दिसंबर तक काला फीता बांधकर कार्य किया गया।