चौसाना। गांव खोड़समा में ऊन शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र खोलने पर किसानों ने विरोध जताया है। किसानों का कहना है कि गांव में ऊन शुगर मिल का क्रय केंद्र नहीं लगने दिया जाएगा, क्योंकि ऊन शुगर मिल गन्ना मूल्य भुगतान समय पर नहीं करता और किसानों को अपेक्षित सुविधाएं भी नहीं मिल पाती हैं।
चौसाना के गांव खोड़समा में शेरमऊ शुगर मिल सहारनपुर का क्रय केंद्र स्थापित है। जिस पर खोड़समा सहित आसपास के गांवों के किसान गन्ना देते हैं। शेरमऊ शुगर मिल के क्रय केंद्र को लखनऊ से आदेश कराकर स्थापित कराया गया था, लेकिन ऊन शुगर मिल ने सेटिंग करके गांव में अपना भी क्रय केंद्र खुलवा दिया। इससे किसानों को आशंका हो गई कि अब शेरमऊ शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र हटवा दिया जाएगा।
इसके चलते गांव खोड़समा के किसान इकट्ठा होकर भाकियू नेता विनोद निर्वाल तथा अन्य लोगों के साथ शामली में जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऊन शुगर मिल के क्रय केंद्र को गन्ना नहीं देंगे। किसानों का कहना था कि ऊन शुगर मिल पेमेंट समय पर नहीं करता है, जिससे किसानों को परेशानी होती है। उनकी मांग है कि ऊन शुगर मिल का क्रय केंद्र हटवाकर शेरमऊ शुगर मिल का क्रय केंद्र ही गांव में रखा जाए।