चौसाना। ज्वैलरी की दुकान पर खरीदारी के बहाने पहुंची युवती समेत तीन महिलाओं ने पांच ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो एक महिला जेवर को जूते के अंदर छिपाती दिखाई दी। फुटेज व्हाट्सएप ग्रुपों पर भी वायरल हो रही है। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चौसाना में बड़े मदरसे के पास स्थित विशाल सैनी की ज्वैलरी की दुकान है। विशाल ने बताया 14 अगस्त की शाम करीब 4:15 बजे दो महिलाएं, एक युवती और दो बच्चे दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पुराने सोने के आभूषण देकर नए आभूषण खरीदने की बात कही।
उनके दुकान से जाने के बाद उसने सामान मिलाया तो करीब 2.5 ग्राम का सोने का पैंडल और 2.75 ग्राम की सोने की बाली गुम मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखी गई। एक फुटेज में मुंह पर कपड़ा बांधे महिला एक जेवर को जूते के अंदर छिपाती दिखाई दे रही है। सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर महिलाओं की पहचान कराई जा रही है।