थानाभवन। हिंड-सोंता मार्ग पर लहूलुहान मिली महिला को पुलिस ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतका की पहचान सोंता गांव निवासी शहजाद की पत्नी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हादसा मान रही है, लेकिन मामला संदिग्ध बना हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के पति से पुलिस पूछताछ कर रही है।
मंगलवार सुबह हिंड से सोंता गांव जाने वाली सड़क पर भट्ठे के पास करीब 21 वर्षीय विवाहिता लहूलुहान पड़ी मिली। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को 108 एंबुलेंस से थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक महिला की शिनाख्त के लिए आस पास के गांवों में सूचना दी, जिस पर करीब दो घंटे पश्चात सोंता गांव के शहजाद का परिवार थाने पहुंचा और शव की पहचान शहजाद की पत्नी शाइना के रूप में की।
उधर, शहजाद ने पुलिस को बताया तीन माह पूर्व उसकी और उसके भाई तहमीम की शादी बुलंदशहर जनपद के गांव जौली निवासी शाइना और रेश्मा के साथ हुई थी। दोनों भाई अलग-अलग मकान में रहते है।
मंगलवार सुबह पांच बजे से शाइना घर से लापता थी, हम उसको तलाश कर रहे थे। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के मायके वालों को सूचना भेज दी गई है। थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह का कहना है कि कोई तहरीर नहीं आई है। मामला संदिग्ध लग रहा है। मृतका के परिजनों को सूचना दी गयी है फिलहाल शहजाद को हिरासत में ले लिया गया है।