चौसाना (शामली)। गांव चौसाना में खेड़की मार्ग पर बंद मकान में 30 वर्षीय महिला का शव मिला है। उसका पति मौके से फरार हो गया। परिजनों ने महिला के पति के विरुद्ध दहेज के कारण हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चौसाना में खेड़की मार्ग पर बंद मकान में मोहसिन अपनी पत्नी भूरी उर्फ यासमीन के साथ करीब ढाई साल से रह रहा था। मोहसिन मूल रूप से गांव सनोली जिला पानीपत हरियाणा का निवासी है और लकड़ी का फर्नीचर बनाने का काम करता है। यासमीन गांव नावला थाना मंसूरपुर जिला मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। वह करीब पांच साल पहले मोहसिन के साथ अपनी मर्जी से आकर लिवइन में रह रही थी। करीब ढाई साल पहले दोनों ने निकाह कर लिया था। इसके बाद से दोनों चौसाना में मकान बनाकर रह रहे थे।
रविवार दोपहर मोहसिन ने गांव में रहने वाले अपने मौसेरे भाई को बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाने की बात कही और फरार हो गया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तो मकान के मुख्य दरवाजे का अंदर से ताला लगा हुआ था। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो यासमीन को मृत अवस्था में पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके गले पर रस्सी के निशान थे और शरीर पर भी चोट के निशान बने थे। सीओ कैराना जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दी।
गांव नावला से यासमीन के परिजन चौसाना पहुंचे। मृतका के पिता यासीन निवासी नावला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि निकाह के बाद से मोहसिन उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। मोहसिन ने उसकी बेटी की दहेज के लिए गला दबाकर या जहरीला पदार्थ खिलाकर मार दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति मोहसिन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए सर्विलांस का भी मदद ले रही है।
---
रात में महिला की हत्या होने का अंदेशा
चौसाना। महिला की हत्या रात में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि रात में महिला की हत्या कर दी गई, लेकिन शव को रात में ठिकाने नहीं लगाया जा सका। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी शव को ले जाने के लिए किराये की कार की तलाश में था। यह भी पता चला है कि मोहसिन अपना मकान बेचने की फिराक में था। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी पति के गिरफ्तार होने के बाद असलियत का पता चल सकेगा।
--
कोट
महिला के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी मोहसिन के विरुद्ध दहेज के कारण हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। - जितेंद्र कुमार, सीओ कैराना।
शामली : चौसाना में विलाप करता मृतक महिला का पिता।- फोटो : SHAMLI