रामड़ा में पेयजल समस्या का निराकरण कराएंगे
शामली, कैराना। कैराना ब्लाक की ग्राम पंचायत रामड़ा की निर्वाचित प्रधान पुष्पा देवी का कहना है कि पंचायत चुनाव में ग्रामीणों ने उन पर भरोसा कर दूसरी बार प्रधान की जिम्मेेदारी दी है। गांव के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा ग्राम सभा की 600-700 बीघा जमीन से अवैध कब्जे हटवा कर पात्र गरीबों को पट्टे कराए जाएंगे। गांव में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। हरिजन बस्ती में चौपाल का निर्माण कराया जाएगा। रामड़ा में कक्षा 8 व कक्षा 5 के केवल दो ही स्कूल है। ग्राम सभा के पास पांच बीघा जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन पर लड़कियों के लिए 10वीं तक का स्कूल बनवाया जाएगा। गांव में साफ-सफाई व सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। गांव के सरकारी अस्पताल का भवन खंडहर बन चुका है और न ही वहां पर चिकित्सक आते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र बनवाकर वहां चिकित्सक तैनात हो ताकि ग्रामीणों को उपचार मिल सके। इसके अलावा पात्रों को वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित पेंशन का लाभ दिलवाया जाएगा।
ग्राम प्रधान परिचय-
नाम-पुष्पा देवी
शिक्षा-कक्षा 8
व्यवसाय- गृहणी
राजनैतिक इतिहास-2005 से 2010 तक रामड़ा की प्रधान रही।
पारिवारिक पृष्ठभूमि-किसान परिवार
गांव के बारे में...
करीब 10 हजार की आबादी के गांव रामड़ा के तीन मजरे रामड़ा तबल, रामड़ा पूछड़ी व पीर माजरा हैं। गांव में हिंदू मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग आपस में मिलजुल कर रहते हैं। कैराना से चार किमी दूर रामड़ा तक जाने के लिए कोई यातायात सुविधा नहीं है। गांव के सरकारी अस्पताल का भवन खंडहर बन चुका है तथा कोई भी चिकित्सक नहीं है। गांव के तालाब की सफाई नहीं हुई। अधिकतर ग्रामीण किसान हैं, जबकि कुछ परिवार मजदूरी करते हैं।