कैराना में व्यापारियो की समस्याऐ सुनते उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध?
- फोटो : SHAMLI
कैराना। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने नगर के व्यापारियों को जीएसटी व इनकम टैक्स में आ रही समस्याओं का सरकार व वित्त मंत्री से बात कर समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के बारे में कहा कि सरकार को जल्द से जल्द किसानों की मांग मान लेनी चाहिए।
शुक्रवार को चौक बाजार स्थित व्यापारी राकेश वर्मा के आवास पर पहुंचे बनवारी लाल कंछल ने व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यदि खाद्य विभाग का कोई भी अधिकारी किसी व्यापारी का बाजार में सैंपल लेने आए तो सैंपल की एक शीशी व्यापारी खुद अपने पास रखें, ताकि सैंपल फेल होने पर अन्य प्रयोगशाला में जांच कराई जा सके। व्यापारियों ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान कुछ व्यापारियों का इनकम टैक्स जमा नहीं किया गया था। इसके बाद बैंकों ने व्यापारियों के खातों पर रोक लगा दी। प्रदेश अध्यक्ष ने वित्त मंत्री से बात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि 13 व 14 मार्च को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय निर्वाचन होने जा रहे हैं। व्यापारियों से निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री एवं नगर अध्यक्ष विपुल कुमार जैन को कैराना नगर की कार्यकारिणी का दोबारा गठन करने एवं कस्बा बनत, ऐलम व गढ़ीपुख्ता में भी व्यापारियों की नई कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान संजय कांबोज, अनिल गोयल, खालिद अहमद, रामकुमार, मुकेश जैन, अमित, अंकित, कुलदीप, वरुण, सागर, सचिन व अभिषेक सहित आदि व्यापारी मौजूद रहे।