शामली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया 2013 में सिपाही के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए नहीं भेजा जा रहा है। इसको लेकर अभ्यर्थियों में रोष व्याप्त है। अभ्यर्थियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करके जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार दोपहर दर्जनों अभ्यर्थी कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती 2013 में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का परिणाम जुलाई 2015 में आयोग द्वारा घोषित किया गया था। उनमें से कुछ अभ्यर्थी प्रशिक्षण ग्रहण कर रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण नहीं दिलाया जा रहा है, जबकि उनके कागजातों का वेरिफिकेशन फरवरी माह में पूर्ण हो चुका है।
प्रदेश सरकार ने मार्च के अंतिम सप्ताह में प्रशिक्षण दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि इसकी वजह से उनका मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है। इस दौरान रोहित कुमार, अनुराग वर्मा, मनोज कुमार, राहुल कुमार, मोहित कुमार, अंकित, गौतम, गौरव, विशाल, सोहनवीर, दीपक चौधरी, विपिन कुमार, तिरसपाल, राघव, रविंद्र कुमार, जयदेव, बालिस्टर, मनीष, पवन, सुमित मलिक और रंजन आदि मौजूद रहे।