शामली। दिवाली की रात से हल्के बादल और कोहरा छाए रहने के बाद अचानक मौसम में बदलाव शुरू हो गया। शुक्रवार सुबह ढाई घंटे तक कोहरा छाया रहा। धूप निकलने के बाद कोहरा खत्म हो जाने के बाद मौसम सामान्य हुआ। पूरे दिन हल्की धूप निकली। शुक्रवार को दिन का तापमान 27 और रात का 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दीपावली पूजन के बाद देर रात में आकाश में बादल छा गए। कोहरे ने दस्तक दे दी। पूरी रात हल्के बादल और कोहरे से मौसम में ठंडक महसूस की गई। शुक्रवार सुबह दिन निकलते ही आकाश में हल्का कोहरा छा गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे हल्की धूप निकलने के बाद कोहरे का असर खत्म हुआ। पूरे दिन हल्की धूप निकलने से मौसम सामान्य रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के मुताबिक शनिवार को दिन और रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस में बढ़ोत्तरी होगी। 23 किमी प्रति घंटे हवाएं चलने से मौसम में बदलाव आएगा।