थानाभवन (शामली)। सामुदायिक चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त संजय कुमार ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। अस्पताल में फर्श गंदा देखकर उन्होंने सीएमओ से कहा कि फर्श की घिसाई कराओ और कमरों में साफ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखें।
जैसे ही वे अस्पताल परिसर में आए तो मुख्य गेट पर अस्पताल के संबंध कोई जानकारी न लिखी देख, नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सीएमओ से कहा कि गेट पर पुताई कराने के साथ चिकित्सालय के संबंध में स्लोगन आदि लगा होना चाहिए। अंदर अस्पताल का पूरा फर्श गंदा पड़ा था। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक व सीएमओ केे फर्श की घिसाई करने को कहा, ताकि अस्पताल की हालत में सुधार हो सके। आगे चले तो रेन बसेरे की हालत इससे भी खराब मिली। न पंखे, न बैठने की उचित व्यवस्था और न बेहतर साफ-सफाई। इस पर उन्होंने रेन बसेरे में सर्दियों के मद्देनजर रजाई की व्यवस्था करने के साथ रेन बसेरे का जीर्णोद्घार करने के निर्देश दिए। साथ ही पंजीकरण एवं दवाई वितरण कक्ष के ऊपर निशुल्क सेवा लिखने को कहा। उन्होंने डॉक्टरों के कमरे चेक किए, वहां कोई साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं मिली। इस पर उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को डॉक्टरों के कमरों की सफाई कराते हुए स्लोगन लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, सीएमओ डॉ संजय भटनागर आदि मौजूद रहे।
साहब: नहीं मिल रहा दंत चिकित्सक
निरीक्षण के दौरान अस्पताल पहुंचे अंबेहटा याकूबपुर निवासी मैनपाल सिंह ने आयुक्त को शिकायत करते हुए बताया कि वह पिछले कई दिन से दांतों का उपचार कराने के लिए आ रहा है। यहां चिकित्सक ही नहीं मिलते। यहां डॉक्टर ने उसे उपचार के लिए शामली भेज दिया लेकिन, वहां भी उसे डॉक्टर नहीं मिले। इस पर आयुक्त ने सीएमओ को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
हरड़ फतेहपुर में ग्रामीणों ने आयुक्त को गिनाईं समस्याएं
थानाभवन। मंडल आयुक्त संजय कुमार क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में पहुंचे। यहां सबसे पहले आयुक्त ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से बनाए गए उत्पादों का निरीक्षण कर उनकी हौसलाफजाई की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ खुली बैठक की। एक ग्रामीण ने बताया कि उनके गांव की मुख्य सड़क बनने के बाद ही टूटनी शुरू हो गई। आयुक्त ने लोनिवि के अधिकारियों को मामले की जांच कर शाम तक रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। वहीं, हरिजन बस्ती के लोगों ने कहा कि उनके मोहल्ले से पानी की निकासी नहीं होती। जब भी बारिश आती है, तो पानी उनके घरों में घुस जाता है। कुछ युवकों ने शिकायत की कि थानाभवन के सामुदायिक चिकित्सालय में एक्सरे की सुविधा नहीं है।
गोशाला का रिकार्ड ठीक नहीं मिला
थानाभवन। आयुक्त निरीक्षण के दौरान मसावी गांव की गोशाला में पहुंचे। यहां उन्होंने खंड विकास अधिकारी से गोशाला में पशुओं, मृत हो चुके या फिर किसी को दान में दिए पशुओं के संबंध में जानकारी मांगी तो बीडीओ उनका रिकार्ड नहीं दिखा पाए। इस दौरान उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि वह सभी गोवंश का अलग नाम रखे और उसी नाम के आधार पर सभी गोवंश का साल दर साल रिकार्ड तैयार किया जाए। ताकि, गोवंश के आगे के भविष्य के बारे में जानकारी उपलब्ध हो सके। इससे पहले उन्होंने चरथावल मार्ग पर बन रहे लोकनिर्माण विभाग के गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया।