शामली। जल जीवन मिशन के तहत 2024 तक हर गांव में पानी पहुंचाने की योजना है। इसके अनुसार जिले के 225 राजस्व गांवों में पानी की टंकी बनाई जाएगी। जिले के 19 गांवों की पेयजल योजनाओं की डीपीआर तैयार हो गई है।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम जसजीत कौर ने जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन समिति की बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता समिति के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने 116 गांवों की पानी की टंकियों के डीपीआर तैयार करके नोडल एजेंसी जीएमसी के परियोजना प्रबंधक से एक सप्ताह में डीपीआर तलब की है। नोडल एजेंसी जीएमसी के परियोजना प्रबंधक बिजेंद्र सिंह कौशिक ने बताया कि जिले के 225 गांवों में हर घर में पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के तहत हर गांव में पानी की टंकी बनाई जाएगी, यह परियोजना 2024 तक तैयार होजाएगी। उन्होंने नौ गांवों में पानी की टंकी डीपीआर प्रस्तुत की। डीएम जसजीत कौर ने 116 गांवों की पानी की टंकी की डीपीआर तैयार करके एक सप्ताह दिए जाने के निर्देश दिए है।
उन्होंने कि भूमि प्रबंधन समिति के प्रस्ताव के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए बताया कि जिन ग्रामों की भूमि प्रबंधन समिति का प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है, उनकी सूची तत्काल सीडीओ को उपलब्ध कराई जाए। पेयजल योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीडीओ शंभू नाथ तिवारी, जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके जैन, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा सभी बीडीओ मौजूद रहे।