पहाड़ों पर बारिश थमने के बाद हथनी कुंड ताजेवाला से छोड़े गए एक लाख 54 हजार 96 क्यूसेक पानी का असर जिले में दिखाई देना शुरू हो गया। 24 घंटे में कैराना यमुना पुल पर 1.70 मीटर जलस्तर की बढ़ोत्तरी हुई है। सिंचाई विभाग के अधिकारी 20 सेमी. जलस्तर और बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं।
इस साल 2 जुलाई को 34 हजार क्यूसेक और 14 जुलाई को एक लाख छह हजार क्यूसेक पानी आने से उफान पर आई यमुना सामान्य नहीं हो पाई थी।
बुधवार को हथनी कुंड बैराज से एक लाख 54 हजार 96 क्यूसेक पानी यमुना मे छोड़ दिए जाने से प्रशासन अलर्ट हो गया। ताजे वाला हथनीकुंड बैराज से
यमुना नदी में छोड़े गए पानी का असर जिले मे बृहस्पतिवार सुबह दिखाई दिया।
कैराना यमुना पुल पर बुधवार की शाम को 228.50 मीटर जलस्तर रिकार्ड किया गया। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तक 230.20 मीटर रिकार्ड किया गया। केंद्रीय जल आयोग के पर्यवेक्षकों का कहना है कि शुक्रवार रात तक 20 सेमी जलस्तर और बढ़ने की उम्मीद है।