शामली। बघरा स्थित योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर शामली के एक मेडिकल स्टोर संचालक के धर्म परिवर्तन का दावा किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर दस दिन में धर्मांतरण कराने वाले मौलवी व इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।
वायरल वीडियो में यशवीर महाराज ने कहा कि हनुमानधाम के निकट मेडिकल स्टोर संचालक के पुत्र को पांच साल पूर्व दूसरे वर्ग की युवती ने षड्यंत्र के तहत अपने प्रेम जाल में फंसाकर संबंध बनाए और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। युवती के परिजनों ने युवक को इस्लाम धर्म अपनाने को मजबूर किया और युवती से उसका निकाह करा दिया। समाज को भ्रमित करने के उद्देश्य से स्टोर संचालक ने अपने पुत्र को बेदखल कर दिया लेकिन उनका अपने पुत्र के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है।
यशवीर महाराज ने आरोप लगाया कि युवक के माता-पिता का भी अब इस्लाम मजहब में धर्मांतरण करा दिया गया। कई हिंदू परिवारों का धर्मांतरण कराने के लिए युवती उनके संपर्क में है, जो गंभीर विषय है। यशवीर महाराज ने प्रदेश सरकार और शामली पुलिस प्रशासन से मांग की कि वे युवक से निकाह करने वाली युवती और उसके पूरे परिवार के लोगों सहित उस मौलवी को भी गिरफ्तार किया जाए, जिसने युवक का धर्मांतरण व निकाह करवाया।
उधर, मेडिकल स्टोर संचालक का कहना है कि उनकी आस्था हिंदू धर्म में है। धर्मांतरण करने की बात पूरी तरह गलत है। पुत्र के बारे में कहा कि उसका मामला संदिग्ध है। उसके लिए वे अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं।