शामली के मोहल्ला काजीवाड़ा में दिव्यांग युवक की पिटाई करते लोग।
- फोटो : SHAMLI
शामली। मोहल्ला काजीवाड़ा में दिव्यांग की सरिये और डंडों से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने तीन भाइयों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा दिव्यांग को गली में गिराकर बेरहमी से पिटाई करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच की तो वह मोहल्ला काजीवाड़ा का पाया गया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पीड़ित दिव्यांग परवेज अहमद की तरफ से कोतवाली में मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी तीन भाइयों शहबाज, सुहैल व शावेज के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि 19 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे मोहल्ले का शहबाज उसके घर में घुस गया और उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिसमें वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने अपने भाई सुुहैल व शावेज केे बुला लिया। तीनों ने मिलकर उसे, उसके चाचा इकराम व भतीजा अदनान के साथ मारपीट की। आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पीड़ित परिवार में दहशत बनी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, लेकिन अभी कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया है।