शामली/कांधला। श्री दिगंबर जैन साधु सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जैन संत सौरभ सागर जी महाराज ने कहा कि अगर मन पवित्र है, तो चरित्र अच्छा है। अहंकार से जीव के मन में कठोरता आती है। विनम्रता व्यक्ति के जीवन का आभूषण है। विनम्रता से जीवन में यश मिलता है।
बृहस्पतिवार को तालाब रोड स्थित जैन धर्मशाला में श्री 1008 सिद्ध चक्र मंडल विधान एवं शांति महायज्ञ का हस्तिनापुर से आए पंडित संदीप जैन शास्त्री ने विधि विधान से इंद्र इंद्राणियों के साथ पंचम पूजन में पार्श्वनाथ भगवान की पूजा अर्चना कराई। चावल, लौंग, इलायची, बादाम आदि से जपमाला की। भोपाल से आए संगीतकार मनीष एंड पार्टी ने भजन प्रस्तुत किए।
जैन संत सौरभ सागर जी महाराज ने कहा कि भक्ति से जीव का कल्याण होता है। उन्होंने हिंसा से दूर रहकर अंहिसा के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। अशांति, हिंसा से जीव को कुछ भी मिलने वाला नहीं है। इस मौके पर पंकज जैन, ललित जैन, मनोज जैन, प्रवीण जैन, अरविंद जैन, नवीन जैन, वीरेश जैन, मोहित जैन, सुंदरलाल जैन, सचिन जैन, अनिल जैन, मुन्ना जैन, कमल जैन समेत अन्य कई श्रदालु मौजूद रहे।
उधर, कांधला में संघ शास्ता शासन प्रभावक गुरूदेव श्री सुदर्शन लाल महाराज के शिष्य नरेश मुनि जी महाराज एवं उनके गुरु भ्राता नरेंद्र मुनि जी महाराज शुक्रवार को गांव गंगेरू में पहुंचेंगे। वहां एसएस जैन सभा की ओर से उनका स्वागत कार्यक्रम होगा। इसके बाद प्रवचन शुरू होंगे। एसएस जैन सभा गंगेरू के अध्यक्ष लोकेश जैन ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढे़ आठ बजे तक गुरुदेव नरेश मुनि जी महाराज गांव गंगेरू में पधारेंगें। संघ संचालक के पद पर आसीन होने के बाद गुरुदेव का यह यूपी में प्रथम आगमन है।