शामली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत शनिवार को विकास भवन सभागार में चयनित विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिल जमा कराने वाले उपभोक्ताओं को तत्काल रसीद मिल सकेगी और बिल संग्रहण व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं डिजिटल बनेगी।
कार्यक्रम में उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रेम चंद ने विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर के संचालन, रखरखाव और सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग से ग्रामीण उपभोक्ताओं को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। थर्मल प्रिंटर मिलने से बिजली बिल जमा करने के बाद उपभोक्ताओं को मौके पर ही रसीद उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा डिजिटल भुगतान प्रणाली को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास नीरज सैनी, प्रमोद कुमार और राजीव कुमार, जिला मिशन प्रबंधक पंकज कुमार, बीएमएम अजीत कुमार, रविंद्र सिंह, अवनीश कुमार व हासिम सैफी रहे।