शामली। चौरी-चौरा शताब्दी महोत्सव में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की वेबसाइट पर बुधवार रात साढ़े नौ बजे के बाद दूसरे दिन वंदेमातरम गायन की वीडियो अपलोड नहीं हो सके। जिले से 765 वीडियो ही अपलोड हो पाए हैं।
शासन ने प्रदेश में वंदेमातरम की 50 हजार वीडियो अपलोड करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बुधवार सुबह 10 बजे से जिले के स्कूल-कालेजों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने वंदेमातरम गायन की 40 सेकेंड के वीडियो तैयार कर वेबसाइट पर अपलोड करना शुरू कर दिया था। पहले दिन दोपहर में भी सर्वर डाउन रहने से वीडियो अपलोड करने में बाधा बनी रही। इसके बाद शाम को चार बजे वेबसाइट चालू होने पर वीडियो अपलोड किए गए।
नोडल विद्यालय श्री जैन कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या डॉ. रुचिता ढाका ने बताया कि रात साढ़े नौ बजे तक 765 वीडियो गिनीज बुक की वेबसाइट पर अपलोड हो सके। इनमें शामली ब्लाक के विद्यालयों से 171, ऊन से 146, कांधला से 135, थानाभवन से 250 और कैराना ब्लाक से 63 वीडियो अपलोड हुए हैं। इसके बाद से कोई वीडियो अपलोड नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार को सर्वर डाउन न रहने के कारण वीडियो अपलोड नहीं हुए। गिनीज बुक ने बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे तक अपलोड करने का समय दिया था। इस तरह से करीब साढ़े 14 घंटे तक लगातार सर्वर डाउन रहा है। इस अवधि में वेबसाइट पर कोई वीडियो अपलोड नहीं हुए। वीडियो अपलोड न होने से छात्र-छात्राएं निराश हुए।