शगुन में नगदी और जेवरात देते वीडियो वायरल
शामली। सोशल मीडिया पर शादी में शगुन के रूप में नगदी और बहुमूल्य गहने देने का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इसकी जानकारी आयकर विभाग को भी भेज दी है।
सोशल मीडिया पर दो मिनट 15 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में रकम और बहुमूल्य गहने दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में कुछ लोग भी है। वायरल वीडियो में शादी के शगुन के नाम पर लाखों रुपये और गहने देते हुए कुछ लोग दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सीओ थानाभवन अमित सक्सेना ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में आया है, जिसमें काफी नगदी व सोने चांदी के बहुमूल्य आभूषण दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो कस्बा थानाभवन का होने की जानकारी मिली है। यह वीडियो लगभग दो माह पुराना होना सामने आया है। वायरल वीडियो में काफी नगदी और आभूषण दिखाई दे रहे हैं, इसलिए इस मामले में आयकर विभाग को पत्राचार किया जा रहा है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विदित हो कि कुछ दिन पहले कैराना क्षेत्र का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दूल्हे के सिर पर हाथ रखकर पांच लाख रुपये देने और शादी में 21 लाख रुपये देने की बात कही गई थी। वह वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा था।