शामली। यूपी बोर्ड 2021 की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा की तैयारी में शिक्षा विभाग जुटा हुआ है। शिक्षा विभाग ओर प्रशासन की संयुक्त समिति ने परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए कालेजों में जरूरी संसाधान व सुविधाओं की जांच कर ली है। शिक्षा विभाग द्वारा कालेजों से भेजी गई आधारभूत सूचनाओं और समिति की सत्यापन रिपोर्ट का मिलान कर 15 दिसंबर को परिषद को भेजी जानी है।
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए केंद्रों के निर्धारण की चरणबद्ध तरीके से तैयारी चल रही है। पहले चरण में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए कालेजों से आधारभूत सूचनाएं 27 नवंबर तक बोर्ड की वेबसाइट पर भेजी गई। दूसरे चरण में दो दिसंबर तक कालेजों की जियो लोकेशन भेजी गई। तीसरे चरण में शिक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त तहसील स्तरीय समिति द्वारा कालेजों का भौतिक सत्यापन किया गया। बनाई गई है। समिति में एसडीएम, तहसीलदार, राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता शामिल रहे। समिति ने नौ दिसंबर तक डीआईओएस कार्यालय को रिपोर्ट उपलब्ध करा दी है। डीआईओएस ने बताया कि समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई सत्यापन रिपोर्ट और कालेजों से पूर्व में भेजी गई आधारभूत सूचना से मिलान किया जा रहा है। 15 दिसंबर तक रिपोर्ट और सूचनाओं के मिलान का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद बोर्ड को रिपोर्ट भेज दी जाएगी। इसके बाद बोर्ड से परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी होगी।
बोर्ड परीक्षा में इस साल घट गए विद्यार्थी
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा के लिए इस साल 2021 में हाईस्कूल में 12727 विद्यार्थी और इंटर में 10966 यानि कुल 23693 विद्यार्थी पंजीकृत है। पिछले साल की तुलना में हाईस्कूल व इंटर दोनों में ही विद्यार्थियों की संख्या घटी है। पिछले साल 2020 में बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 13680 और इंटर में 12617 विद्यार्थी यानि कुल 26477 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इस तरह से पिछले साल की तुलना में इस बार 2784 विद्यार्थी कम हुए हैं। माना जा रहा है कि यह घटी हुई संख्या व्यक्तिगत परीक्षा देने वाले विद्यार्थियाें की है।