शामली। जल्दबाजी में रेलवे क्रासिंग पार करने के चक्कर में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा होने से टल गया। अनियंत्रित स्कूल वैन की टक्कर से रेलवे फाटक टूट गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
आरपीएफ ने स्कूल वैन और उसके चालक को पकड़ लिया। फाटक टूटने के कारण धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग पर काफी देर जाम की स्थिति बनी रही। हादसा बुधवार दोपहर करीब दो बजे शामली में धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग पर हुआ। एसटी तिराहे की तरफ से मेपल्स स्कूल की स्कूल वैन लेकर चालक सुभाष निवासी हरेंद्रनगर शहर की तरफ आ रहा था।
जब वह धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा, तभी दिल्ली हरिद्वार ऋषिकेश पैसेंजर ट्रेन आने के लिए फाटक बंद होने वाला था। स्कूल वैन को जल्दबाजी में क्रासिंग पार करने के चक्कर में उसकी टक्कर ट्रैक्टर ट्राली से होने के बाद रेलवे फाटक के बैरियर से हो गई। इसकी वजह से रेलवे फाटक का बैरियर टूट गया। सूचना पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे।
स्कूल वैन चालक सुभाष और उसकी वैन को रेलवे स्टेशन ले आए। आरपीएफ थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी स्कूल वैन चालक सुभाष को जांच में आरोपी बना दिया गया है। उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होकर जमानत करानी पड़ेगी। वहीं, स्कूल वैन को दो लोगों की जमानत पर सुपुर्दगी में दे दिया गया है।