कांधला दिल्ली रोड पर चौधरी चरण सिंह प्रतिमा की रेलिग तोडे़ जाने पर कार्य रूकवाते रालोद छात्र सभा
- फोटो : SHAMLI
चौधरी चरणसिंह की प्रतिमा की रेलिंग तोड़ने पर हंगामा
कांधला (शामली)। दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेजी के साथ निर्माण कार्य पूरा किया जा रहा है। सोमवार को दिल्ली बस स्टैंड के निकट स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के चारों ओर बनाई गई रेलिंग तोड़ने पर रालोद कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और काम रुकवा दिया। रालोद नेताओं का कहना है कि किसान मसीहा की प्रतिमा को वहां से हटाने नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में डीएम से भी शिकायत की गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के दौरान इसकी जद में आ रहे निर्माण को ध्वस्त कराया जा रहा है। सोमवार को निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार ने दिल्ली बस स्टैंड पर स्थापित की गई पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह की प्रतिमा की रेलिंग को जेसीबी से तुड़वा दिया। इसे तोड़कर सड़क निर्माण की सामग्री डाली जा रही थी। इसे लेकर रालोद नेता राजन जावला सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह की प्रतिमा हटाने का प्रयास किया गया, तो सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा। इसके चलते ठेकेदार को सड़क निर्माण कार्य बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा। इस संबंध में रालोद नेता डा. विक्रांत ने कहा कि प्रतिमा की रेलिंग को ठेकेदार द्वारा तुड़वा दिया गया है। उन्होंने तुड़वाई गई रेलिंग को तुरंत ठीक कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बाद में रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसान मसीहा की प्रतिमा यथावत रहेगी। सतवीर पंवार, तरसपाल मलिक, बिजेंद्र प्रधान, योगेश भभीसा, अरविंद भारसी, विनोद प्रमुख, विकास धीमान, अनवार चौधरी, सुनील मलिक, बिजेंद्र भारसी आदि मौजूद रहे।