शामली। विकास भवन के सभाकक्ष का एसी चोरी होने की सूचना देने आदर्श मंडी थाने गए कर्मचारी को लॉकअप में बंद कर दिया गया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर यातनाएं दी गईं। इस मामले में उत्तर प्रदेश पंचायती राज सफाई कर्मचारी ग्राम पंचायत सेवक संघ ने मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डीपीआरओ को पत्र सौंपा। उन्होंने मंगलवार को विकास भवन पर धरना देने की चेतावनी दी।
सोमवार को पंचायती राज सफाई कर्मचारी ग्राम पंचायत सेवक संघ के कर्मचारियों ने जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा को शिकायती पत्र सौंपा। संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारी मुकेश कुमार जिला विकास अधिकारी शामली के कार्यालय से संबद्ध है और उस पर विकास भवन की सफाई व्यवस्था का दायित्व है। जिलाध्यक्ष के मुताबिक मुकेश ने संघ को अवगत कराया कि रविवार रात करीब आठ बजे विकास भवन की सुरक्षा में तैनात गार्ड ने उसे फोन कर बुलाया और विकास भवन के सभाकक्ष से एसी चोरी होने की जानकारी दी। उन्होंने फोन पर इसकी जानकारी जिला विकास अधिकारी को दी।
जिला विकास अधिकारी के निर्देश पर मुकेश कुमार और गार्ड सूचना देने थाना आदर्श मंडी पहुंचे। पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि मुकेश को पुलिस ने रातभर लॉकअप में बंद रखकर पूछताछ की और मारपीट करते हुए यातनाएं दीं। उन्होंने पुलिस द्वारा कर्मचारी के साथ मानसिक उत्पीड़न करने की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि यदि मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो मंगलवार को विकास भवन पर धरना शुरू किया जाएगा।
कोट
- सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट नहीं की गई है। यह आरोप गलत है। विकास भवन से एसी गायब होने का मामला जानकारी में आया है। इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - कपिल गौतम, थानाध्यक्ष, आदर्श मंडी
- विकास भवन के सभाकक्ष से एसी चोरी होने का मामला संज्ञान में है। थाने पर इसकी सूचना देने गए कर्मचारी के साथ मारपीट करने की शिकायत की गई है। इस संबंध में एसपी को पत्र लिखा जाएगा। - शंभूनाथ तिवारी, सीडीओ।