कांधला। पुलिस ने एक ई-रिक्शा का चलान काट लिया, जिससे गुस्साए ई-रिक्शा चालकों ने पूर्वी यमुना नहर स्थित शिव मंदिर पर जाम लगा दिया। चालकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। काफी प्रयास के बाद चालकों को समझाकर शांत किया गया।
सोमवार सुबह रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने कई ई-रिक्शा चालकों के चलान कर दिए। इससे कारण ई-रिक्शा चालकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने ई-रिक्शा चालकों की पिटाई कर दी और वहां से भगा दिया। मामले की सूचना संगठन के अध्यक्ष संजय जैन को दी गई।
इसके बाद कस्बे के सभी ई-रिक्शा चालक पूर्वी यमुना नहर पटरी स्थित शिव मंदिर के पास जमा हो गए। ई-रिक्शा चालकों ने हंगामा करते हुए उच्चाधिकारियों से आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर एसआई हरिपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। उनके साथ भी आक्रोशित चालकों की तीखी नोकझोंक हुई।
चालक अपनी मांग पर अडे़ रहे, लेकिन काफी देर के बाद पुलिस अधिकारी के समझाए जाने के बाद जाम खोल दिया।
जाम लग जाने के कारण कस्बे और आसपास के आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान मांगा, पारस, ओमकुमार, साजिद, इरफान, फैमिद खान, सनव्वर, जरीफ, राजू, कासिम, राशिद, शकील, सुल्तान, राधे, कासिम आदि लोग मौजूद रहे।