संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। रेलवे स्टेशन के अलावा जिले के विभिन्न स्थानों के कुछ लोग रेलवे के टिकट बुकिंग के नाम पर यात्रियों से 200 से लेकर 250 रुपये अतिरिक्त ले रहे हैं। यहीं नहीं तत्काल में भी टिकट बुकिंग का दावा किया जाता है। पड़ताल के दौरान बुकिंग करने वालों से कुछ इस तरह से बातचीत हुई
केस-1
संवाददाता : नई दिल्ली से विशाखापट्टनम का रेलवे टिकट बुक कराना है कितने रुपये लगेंगे।
एजेंट : स्लीपर के 1250 दे देना
संवाददाता : रुपये तो 1010 लगते हैं
एजेंट : इतने ही रुपये लगते हैं
संवाददाता : ओके
केस-2
संवाददाता : नई दिल्ली से बंगलोर का टिकट कितने का है?
एजेंट : 3 हजार रुपये में बन जाएगा
संवाददाता : कोई दिक्कत तो नहीं होगी
एजेंट : बिल्कुल नहीं
संवाददाता: तत्काल की बुकिंग भी कर लोगे
एजेंट : बिल्कुल हो जाएगी
ये दो उदाहरण तो बानगी भर मात्र है। 200 से लेकर 300 रुपये अतिरिक्त लेकर शामली, कैराना और अन्य स्थानों पर विभिन्न स्थानों के रेलवे टिकट बुक किए जा रहे हैं। मगर विभागीय अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी अनजान बने हुए हैं।
- तत्काल टिकट के बारे में यह भी जानें
- ट्रेन चलने के 24 घंटे पहले शुरू होती है तत्काल की बुकिंग
- सुबह दस बजे शुरू होती है एसी क्लास के टिकटों की बुकिंग
- सुबह 11 बजे शुरू होती है स्लीपर क्लास के तत्काल टिकटों की बुकिंग
इन्होंने कहा...
रेलवे टिकट के नाम पर लोगों से अतिरिक्त रुपये वसूलने के मामले की जांच कराई जाएगी। अधिक रुपये वसूलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लोगों से अपील है कि रेलवे स्टेशन से ही टिकटों की बुकिंग कराए। - एस सोनी, थाना प्रभारी , आरपीएफ शामली