भाजपा के प्रचार वाहन में तोड़फोड़ कर चालक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। वहीं इस मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत पांच नामजद और करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शामली जनपद में झिंझाना के मंसूरा गांव में सोमवार शाम भाजपा के प्रचार वाहन पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने चालक की तहरीर पर पूर्व प्रधान समेत पांच नामजद और 25-30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
बताया गया कि तालिब पुत्र हकीकत निवासी रूहाली थाना भोजपुर जिला गाजियाबाद ने पुलिस को बताया कि वह भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के विधानसभा चुनाव प्रचार में वीडियो वैन का चालक है। वह अपने एक साथी अशोक पुत्र रतन सिंह गांव बीनड़ा को गाड़ी में अपने साथ लेकर सोमवार शाम करीब चार बजे मंसूरा गांव से निकल रहा था। तभी करीब 25-30 लोग सड़क पर गाड़ी के सामने आ गए। उन्होंने गाड़ी रुकवा कर चालक को नीचे उतार लिया और लाठी-डंडों से मारपीट की।
उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान भुट्टो और नासिर पुत्रगण अलीशेर, रुलहा पुत्र किताबू, वूवा पुत्र मेहंदा, मुस्तकीम पुत्र जमशेद निवासीगण मंसूरा के रूप में हुई। चालक तालिब का कहना है कि हमले के दौरान आरोपियों ने गांव में भाजपा नेताओं के आने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज किया जा चुका है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।