शहर के मोहल्ला शिवगंज मंडी निवासी गौरव गोयल की औद्योगिक क्षेत्र में पुराने टायर से तेल निकालने और बैटरी बनाने की फैक्टरी है। शनिवार शाम करीब चार बजे फैक्टरी के परिसर में स्थित पड़े पुराने टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे देखते हुए फैक्टरी में काम कर रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई।
इस दौरान आग की चपेट में आने से अंकित (35) निवासी गांव ऐरटी, महेश (40) निवासी गांव कंडेला, रामचंद्र (42) निवासी गांव कंडेला और एक अन्य व्यक्ति सहित छह व्यक्ति झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से गंभीर हालत में सभी को शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया।
बताया गया है कि आग बुझाने के दौरान फैक्टरी संचालक गौरव गोयल के हाथ भी मामूली रूप से झुलस गए। सूचना मिलने पर सीओ सिटी श्यामवीर, सीएफओ जेके श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विनय कुमार, एफएसओ आलोक सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दमकल की तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर पानी डालकर काबू पाने की मशक्कत में जुट गए।
एफएसओ का कहना है कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन आठ बजे तक भी आग पूरी तरह से नहीं बुझ सकी है। एफएसओ ने बताया कि फैक्टरी में पुराने टायरों के निकट ही तेल से भरे तीन टैंकर खड़े थे, जिन्हें बचा लिया गया। उधर, एएसपी ओपी सिंह ने भी देर रात घटनास्थल का जायजा लिया।