कैराना (शामली)। हरियाणा के सनौली से यमुना में नहाने आए दो युवक गहरे पानी में डूब गए। समय रहते गोताखोरों ने एक युवक को सकुशल बचा लिया, जबकि रात तक भी यमुना में डूबे दूसरे युवक का पता नहीं चल सका था।
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे हरियाणा के सनौली निवासी 35 वर्षीय विनोद अपने साथी राजू के साथ यमुना में नहाने आया था। दोनों हरियाणा की तरफ यमुना में नहाने लगे। इसी दौरान दोनों यमुना में डूबने लगे, तभी गोताखोरों ने यमुना में छलांग लगा दी। 10 मिनट बाद गोताखोरों ने राजू को सकुशल यमुना से बाहर निकाल लिया। सूचना पर कैराना पुलिस व युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। यमुना में डूबे विनोद के परिजनों ने बताया कि दोनों बजरी सप्लाई करने का काम करते हैं। शाम तक भी विनोद का पता नहीं चलने पर गोताखोर वापस चले गए।