संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके कब्जे से चोरी की 13 बाइकें, दो फर्जी नंबर प्लेट, तमंचा व चाकू बरामद किए। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपना दैनिक खर्चा पूरा करने के लिए बाइक चोरी करते थे।
एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आदर्श मंडी था पुलिस मुंडेट नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को बिना नंबर की एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने को कहा तो वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए बाइक सवार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से तमंचा, कारतूस व चाकू बरामद हुआ।
एएसपी के मुताबिक पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शोकेंद्र निवासी मोहल्ला ठाकुर द्वारा ऊन व विशाल निवासी मोहल्ला ब्राह्मणान ऊन बताया। उनसे बरामद हुई बाइक चोरी की निकलीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बधेव हाईवे के निकट गन्ने के खेत से चोरी की 12 अन्य बाइकें बरामद कीं। एएसपी ने बताया कि बरामद बाइकों में चार के मुकदमे दर्ज हैं। अन्य बाइकों के बारे में जानकारी की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे अपनी रोजाना की जरूरतों को पूरा करने के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मैरिज होम आदि से बाइक चोरी करते थे और उन्हें अन्य लोगों को अपनी मजबूरी बताकर सस्ते दामों पर बेच देते थे। आरोपियों ने शामली के अलावा कांधला, कैराना, झिंझाना, गढीपुख्ता से भी बाइक चोरी करना बताया है। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।