शामली। मंगलवार को बनत और कांधला क्षेत्र से दो अलग-अलग हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। बनत में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िये को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जबकि कांधला के युवक की मंगलौर में बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में जान चली गई।
गन्नौर, सोनीपत निवासी कुणाल (20) करीब 16 कांवड़ियों की टोली के साथ बाइकों पर सात अगस्त को गन्नौर से हरिद्वार के लिए निकला था। मंगलवार को गंगाजल लेकर लौटते समय बनत क्षेत्र में किसी वाहन ने कुणाल और अक्षय को टक्कर मार दी। हादसे के समय टोली के अन्य कांवड़िये आगे निकल चुके थे। पुलिस ने दोनों को शामली सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया। घायल अक्षय का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे हादसे में कांधला क्षेत्र के गांव किवाना निवासी 27 वर्षीय संदीप पुत्र महिपाल सिंह सोमवार को बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए निकला था। उसके साथी एक दिन पहले ही हरिद्वार के लिए रवाना हो गए थे। मंगलौर क्षेत्र में सामने से आ रही बाइक से संदीप की बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
संदीप के चाचा नीटू ने बताया कि संदीप की शादी करीब दो वर्ष पहले शालू से हुई थी। उनके अभी कोई संतान नहीं है। संदीप के पिता सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बुढ़ाना बैंक में कार्यरत हैं। उसका भाई राजदीप ट्रांसपोर्ट का काम करता है।
अलग-अलग हादसों में 16 शिवभक्त घायल
कांवड़ यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 13 शिवभक्त घायल हुए। करनाल की भगत सिंह कॉलोनी निवासी अभिरंजन की बाइक की दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। वहीं करनाल निवासी देव और चक्कर शामली के पास हुए हादसे में घायल हुए। हसनपुर निवासी छोटू, रेलपार निवासी राजीव, गन्ना विहार निवासी रोहित, पानीपत निवासी रितिक, विशाल और देशराज समेत अन्य शिवभक्त भी अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हुए। बलवा चौक के पास बाइक की टक्कर में बंतीखेड़ा निवासी शुभम घायल हुआ। कैराना क्षेत्र में जुलाना निवासी अनिल की बाइक बाईपास पर फिसल गई, जबकि जलालपुर निवासी रमेश को यमुना पुल के पास डाक कांवड़ की बाइक ने टक्कर मार दी। कैराना में पानीपत निवासी डाक कांवड़िए सुमित, अंकुश और अजय हरिद्वार से गंगाजल लेकर पानीपत बाईपास से होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। साथ चल रहे कांवड़ियों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद तीनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। सीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि सभी घायलों का उपचार कराया गया है।
मृतक कुणाल का फाइल फोटो ।परिजन