प्रेस वार्ता में घटना की जानकारी देते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
शामली जनपद में कांधला पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 14 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल 15 वाहन बरामद किए हैं। आरोपी चोरी के वाहनों को ग्राम गढ़ीरामकौर स्थित नहर पटरी के पास सिंचाई विभाग के खंडहर में छिपाकर रखते थे।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, 12 नवंबर को कांधला कस्बे में शुक्रों वाली मस्जिद के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इसके अलावा 25 अगस्त को गढ़ी अब्दुल्ला खां गांव से भी बाइक चोरी की घटना हुई थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
स्प्लेंडर प्लस बाइक के साथ गिरफ्तार हुए आरोपी
18 नवंबर की रात पुलिस ग्राम असदपुर-जिड़ाना नहर पटरी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान कांधला के मोहल्ला रायजादगान निवासी मोहित सैनी और थाना कांधला क्षेत्र के गांव चढ़ाव निवासी रवि कुमार के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कांधला से चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपियों ने अन्य चोरी के वाहन छिपाकर रखने की जानकारी दी।
सिंचाई विभाग के खंडहर में छिपा रखे थे 14 वाहन
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की अन्य मोटरसाइकिल और स्कूटी ग्राम गढ़ीरामकौर स्थित सिंचाई विभाग के खंडहर में छिपाकर रखी गई हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वहां से 14 अन्य वाहन बरामद किए। इनमें मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है। इस तरह पुलिस ने कुल 15 वाहन बरामद किए हैं।
मोहित पर गैंगस्टर समेत सात मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मोहित सैनी के खिलाफ कांधला थाने में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और वाहन चोरी से जुड़े सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, रवि कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट और वाहन चोरी समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।