जलालाबाद में बैंक कर्मचारी केशव त्यागी का फाइल फोटो ।
जलालाबाद (शामली)। गंगोह मार्ग पर कोहरे में अहमदपुर पुलिया के पास मिनी ट्रक की टक्कर से कार सवार दो बैंककर्मियों की मौत हो गई जबकि उनका साथी गंभीर घायल हो गया। तीनों दोस्त देर रात गंगा-यमुना गंदेवड़ा संगम से लौट रहे थे।
जलालाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में तैनात स्केल वन अधिकारी आकाश चौहान (27) पुत्र अनिल चौहान निवासी गणेशपुर रुड़की उत्तराखंड और रिकवरी एजेंट केशव त्यागी (26) पुत्र किशन कुमार निवासी अकापुर तीयाना थाना बीबीनगर जिला बुलंदशहर अपने एक अन्य साथी उदय चौधरी निवासी रुड़की के साथ शनिवार की देर शाम कार से गंदेवड़ा संगम घाट पर घूमने गए थे। देर रात करीब 12 बजे वहां से जलालाबाद लौट रहे थे। गंगोह मार्ग पर गांव अहमदपुर पुलिया के पास कोहरे के कारण सामने से आ रहे मिनी ट्रक से कार की टक्कर हो गई।
हादसे में कार चला रहे आकाश चौहान और साथ बैठे केशव त्यागी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उदय चौधरी गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक मिनी ट्रक काे मौके पर ही छोड़कर भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से मृतकों व घायल को थानाभवन चिकित्सालय भिजवाया। रात में ही पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन सुबह करीब चार बजे जलालाबाद पहुंच गए।
जलालाबाद में बैंक कर्मचारी केशव त्यागी का फाइल फोटो ।