डोडा पोस्त के साथ ढाबा संचालक समेत दो गिरफ्तार
झिंझाना (शामली)। पुलिस ने शामली करनाल हाईवे स्थित गांव केरटू के निकट ढाबा संचालक और उसके नौकर से नशीला पदार्थ बरामद कर चालान कर दिया। इसके अलावा गांव दूधली में भट्ठी चलाकर शराब बना रहे युवक से भट्ठी उपकरण के अलावा भारी मात्रा में कच्ची शराब और लेहन बरामद किया है।
सोमवार की रात करनाल हाईवे स्थित गांव केरटू में ढाबे पर नशीले पदार्थ डोडा पोस्त बेच रहे ढाबा संचालक सरदार गुरमेल, निवासी सेक्टर छह कर्ण विहार जिला करनाल (हरियाणा) और उसके नौकर मेहरबान निवासी गांव केरटू को पकड़कर उसके पास से सात किलो डोडा पोस्त बरामद होने पर गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सुशील कुमार दूबे ने बताया की ढाबा संचालक के पास से सात किलो और उसके नौकर के पास से दो किलो डोडा बरामद किया है। दोनों का चालान कर दिया।
इसके अलावा पुलिस ने मंगलवार को गांव दूधली में छापा मारकर घर में भट्ठी चलाकर कच्ची शराब बना रहे ब्रजपाल को पकड़कर उसके घर से 70 लीटर कच्ची शराब, 150 लीटर लेहन और शराब बनाने के उपकरण ड्रम, भिगोने, कीप आदि उपकरण बरामद कर उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। पुलिस चौकी अहमदगढ़ प्रभारी दरोगा विजय त्यागी ने बताया की पकड़े गए आरोपी से भट्ठी उपकरण आदि बरामद कर चालान कर दिया है।