शामली में सांसद हुकुम सिंह द्वारा जारी की गई कैराना से पलायन करने वालों की सूची की जांच शुरू करा दी गई है। सूची में शामिल नामों का सत्यापन करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने दो टीमें लगाई हैं, जो डोर टू डोर जाकर उन लोगों के बारे में जानकारी जुटाएंगी, जिनका नाम पलायन करने वालों की सूची में है।
कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कैराना से पलायन करने वाले 346 हिंदू परिवारों की सूची सार्वजनिक की। उन्होंने कहा था कि पुलिस प्रशासन के लचर रवैये के कारण कैराना क्षेत्र में गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला।
रंगदारी न देने पर व्यापारियों की हत्या हुई। व्यापारियों को लगातार रंगदारी की धमकी दी गई तथा बहू बेटियों की इज्जत पर भी हमले किए गए। उन्होंने आरोप लगाया था कि सुनियोजित ढंग से व्यापारियों को टारगेट कर घटनाएं करके उनकी संपत्ति कौड़ी के दाम में खरीदने का दबाव भी बनाया गया। इसकी वजह से कैराना क्षेत्र में दहशत और आतंक का माहौल पैदा हुआ। लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा।