शनिवार को भी दुकानें खुलने से व्यापारियों को मिलेगी राहत
शामली। शासन ने अब शनिवार का कोरोना कर्फ्यू भी खत्म कर दिया है, जिससे व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। अभी तक सप्ताह में दो दिन दुकानें बंद रहने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा था। होटल व रेंस्टोरेंट व्यापारियों को अधिक नुकसान हो रहा था। व्यापारियों का कहना है कि सरकार के इस निर्णय से उन्हें राहत मिलेेगी।
पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष रवि संगल का कहना है कि सप्ताह में दो दिन दुकानें बंद होने से नुकसान उठाना पड़ रहा था। जिले में रविवार को पहले से ही साप्ताहिक बंदी रहती ही थी। त्योहारों के सीजन में शनिवार की बंदी खत्म होने से अब व्यापार फिर से पटरी पर आने की उम्मीद जगी है। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष पवन संगल का कहना है कि दो दिन दुकान बंद होने से छोटे व्यापारियों को अधिक नुकसान हो रहा था। दुकान कम खुलती थी और बिजली का बिल व दुकान का किराया पूरा जाता था। सरकार का यह निर्णय स्वागत योग्य है। अग्रवाल मित्र मंडल के सचिव अनुज बंसल का कहना है कि कोरोना महामारी ने व्यापारियों का सबसे ज्यादा नुकसान किया है। कोरोना कर्फ्यू के चलते दुकानदारों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ा। अब सप्ताह में दो दिन की बंदी से भी कारोबार पटरी पर नहीं आ पा रहा था। सरकार के इस निर्णय से व्यापारियों को राहत मिलेगी।
पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग का कहना है कि अब कोरोना के केस काफी कम हो गए हैं। ऐसे में सप्ताह में दो दिन की बंदी अव्यवहारिक थी। प्रशासन के माध्यम से शनिवार की बंदी खत्म करने की मांग सरकार से की थी। सरकार ने व्यापारियों की मांग मानी। व्यापारियों को भी सरकार के निर्देशों का पालन करना चाहिए।