कैराना। व्यापारियों ने साफ तौर पर कहा कि बढ़ते अपराध ने कैराना को बदमनाम कर दिया। न तो यहां विकास हुआ और न ही कारोबारियों को सुरक्षा दी गई। नेता केवल अपनी राजनीति चमकाने में लगे रहे और कैराना पिछड़ता चला गया।
मनोज वर्मा निवासी पट्टो वाला का कहना है कि गुंडागर्दी के कारण व्यापार पहले से आधा भी नहीं रहा है। बाजार सूने पडे़ रहते हैं। बाइक में पेट्रोल लेने के लिए हरियाणा जाना पड़ता है। विकास शर्मा निवासी जोड़िया कुआं का कहना है कि रंगदारी के कारण लोग डरे हुए हैं।
जिस कारण व्यापारी पलायन करने को मजबूर हैं। विकास के नाम पर धोखा दिया जा रहा है। इलेक्ट्रानिक की दुकान करने वाले आरिफ उर्फ भूरा का कहना है कि गुंडागर्दी के कारण विकास का कार्य नहीं हो पा रहा है।
अगर अपराध खत्म हो जाए तो लोग निर्भिक होकर कार्य करें। शगुन मित्तल एडवोकेट का कहना है कि अपराधों के कारण कैराना बदनाम हो रहा है जिस कारण बाहर के लोग यहां आने से डरने लगे हैं। राजीव सैनी का कहना है कि रंगदारी के कारण हुई हत्याओं के बाद कस्बे का विकास ठहर गया है। बाजारों में पहले जैसी रौनक अब दिखाई नहीं देती।