शामली। पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि व्यापारी एक ऐसी ताकत है, जो दूसरों के लिए रोजगार सृजित करते हैं। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने व्यापारियों और उद्यमियों को आगे बढ़ाने व सुरक्षित माहौल देने का काम किया है। पूर्व गन्ना मंत्री कैराना रोड स्थित एक होटल में उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जिला कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
सुरेश राणा ने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी वह केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की गति बढ़ाने का काम करेंगे। मैंने मंत्री रहते हुए आठ करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्य स्वीकृत कराए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर मिनी हरिद्वार के रुप में विकसित हो रहे गंदेवडा संगम के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराने का अनुरोध किया है। जल्द ही धनराशि शासन से मिलने के बाद गंदवेडा संगम और विकसित होगा। जिले में एक नए एक्सप्रेसवे का काम शुरू होने वाला है। दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड इकनॉमिक एक्सप्रेसवे का कट थानाभवन क्षेत्र के ख्यावड़ी गांव में बनेगा।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री सरदार जसवंत बत्रा ने जिला कार्यकारिणी के जिलाध्यक्ष अनुराग जैन, उपाध्यक्ष अनिल भार्गव समेत सभी पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने ऑनलाइन कारोबार पर बंदिशें लगाने की वकालत की। कहा कि आनलाइन कारोबार को उद्यमी और व्यापारी को अपने घरों से बंदिश लगानी होंगी। आनलाइन कारोबार से व्यापार चौपट हो रहा है। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित गोयल ने गैर भाजपा सरकारों में व्यापारियों की दुर्दशा का उल्लेख किया। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में व्यापारी सुरक्षित है। पउप्र के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली जिले में इसी माह के अंतिम सप्ताह में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष बनवारी कुच्छल का दौरा होगा।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, व्यापारी नेता आलोक अग्रवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल, कैराना नगर अध्यक्ष से विपुल जैन, झिंझाना से आशीष मित्तल, थानाभवन से अनिल अग्रवाल, राजीव जैन, कुलदीप गोयल, अरविंद कुमार, संजीव कुमार, विनय गोयल, अनुज जैन, डॉ. राजीव बंसल आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित गोयल व आशीष मित्तल ने किया।