सोंटा रसूलपुर में पराली से भरी ट्राली में लगी आग। सौजन्य: ग्रामीण।
थानाभवन। थानाक्षेत्र के गांव सोंता रसूलपुर के पास विद्युत लाइन के तार से निकली चिंगारी से पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली में आग लग गई। आग से जलती हुई ट्राली वहां खड़ी कार पर पलट गई। कार भी आग से जल गई और पास में खड़ा ट्रक भी आग की चपेट में आ गया। दमकल की गाड़ी ने पहुंचकर आग को बुझाया।
गांव भैंसानी इस्लामपुर निवासी मुनव्वर ने पराली खरीदने व बेचने का काम करता है। उसने गांव सोंता रसूलपुर निवासी शाहिद से पराली खरीदी थी। शनिवार की शाम को उसने पराली को ट्रैक्टर-ट्राॅली में भरवा दिया । जब वह ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चला तो ऊंचाई ज्यादा होने पर ऊपर से जा रही विद्युत लाइन के तार से टकरा गई, जिससे चिंगाारी निकलने पर आग लग गई। आग लगने से शाहिद घबरा गया और ट्रैक्टर-ट्राली को बस्ती से बाहर लेकर भागने लगा। मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्राली वहां खड़ी कर पर पलट गई। जलती हुई पराली के कारण कार में भी आग लग गई और पास में खड़ा ट्रक भी आग की चपेट में आ गया। कार परासोली निवासी युवक की बताई गई है, जो उसे किराये पर लेकरर गांव सोंता रसूलपुर में आया हुआ था। आग लगने की सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस मामले में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।