फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर महिला और युवक की मौत

Fri, 10 Mar 2017 12:20 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
शामली सीएचसी में युवक के शव को देखते पुलिस कर्मी । - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉले से कुचलने के कारण युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद लोगों ने हंगामा कर मुजफ्फरनगर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर  पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। उधर, शहर में वीवी इंटर कॉलेज रोड पर लोहे के पुल के पास ट्रैक्टर से पैदल जा रही महिला को टक्कर लग गई। जिससे वह घायल हो गई। मौके पर जुटे लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला  बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और परीक्षा देकर घर लौट रही थी। 
विज्ञापन


बाबरी थाना क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा निवासी संदीप (32) पुत्र ओमपाल अपने भाई बिट्टू और साथी ऋषि के साथ बाइक से शामली आ रहे थे। शामली में संदीप के पिता ओमपाल बीमारी के कारण कैराना रोड स्थित नर्सिंग होम में   भर्ती हैं। तीनों लोग उन्हें देखने के लिए ही नर्सिंग होम जा रहे थे। जब वह मुजफ्फरनगर मार्ग पर कस्बा बनत से आगे पहुंचे, तो पीछे से आए ट्रैक्टर ट्रॉले ने उन्हें टक्कर मार दी। संदीप ट्रॉले के पहिये के नीचे कुचल गया, जबकि बिट्टू और ऋषि भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्रॉला लेकर मौके से फरार   हो गया। 

राहगीरों ने हादसे की सूचना आदर्श मंडी थाना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची    पुलिस ने तीनों घायलों को शामली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि बिट्टू और ऋषि का उपचार कराया गया। उधर, हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई। आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉला चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने हंगामा किया और जाम लगाने लगे। लेकिन पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। 
विज्ञापन


उधर, शामली के मोहल्ला   रेलपार गली नंबर चार निवासी संदीप कुमार की पत्नी रूप शिखा कैराना रोड स्थित हिंदू महिला महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। बृहस्पतिवार को वह परीक्षा देने कॉलेज गई थी। वहां से करीब साढ़े पांच बजे घर लौट रही थी। 

जब वह वीवी इंटर कॉलेज रोड पर लोहे के पुल के पास पैदल जा रही थी, तो नया गांव निवासी युवक नशे की हालत में ट्रैक्टर चलाता हुआ वहां पहुंचा। पहले तो उसे एक कार में टक्कर मारी, फिर रूप शिखा को भी टक्कर मार दी। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ ने आरोपी ट्रैक्टर    चालक को पकड़ लिया। इसके बाद घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
महिला के पास मिले प्रवेश पत्र से उसकी पहचान हुई, जिसके बाद सूचना दिए जाने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के आरोपी ट्रैक्टर चालक को शामली कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें