फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: यमुना में लगाई पुण्य की डुबकी, पितरों की शांति के लिए किया दान-पुण्य

Tue, 16 Jun 2026 01:10 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
कैराना में यमुना  में स्नान करते श्रद्धालु-संवाद
विज्ञापन
कैराना/जलालाबाद। ज्येष्ठ माह की सोमवती अमावस्या पर सोमवार को यमुना नदी और गंदेवड़ा स्थित गंगा-यमुना संगम घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यूपी और हरियाणा से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में स्नान कर पूजा-अर्चना की तथा अपने पितरों की शांति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
विज्ञापन

कैराना में सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का यमुना घाट पर पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान कर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने पितरों की शांति के लिए ब्राह्मणों को वस्त्र, मिष्ठान और दान-दक्षिणा भी भेंट की। सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर पुलिस बल और निजी गोताखोर तैनात रहे।
जलालाबाद क्षेत्र के गंदेवड़ा स्थित गंगा-यमुना संगम घाट पर तड़के से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-पाठ किया और दान-पुण्य किया। घाट पर मौजूद पंडित राजेंद्र शर्मा, पंडित अशोक और पंडित अनूप शास्त्री ने बताया कि सोमवती अमावस्या पर पवित्र नदियों में स्नान और दान करने से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है तथा भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना से सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मिलता है।
विज्ञापन

इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ और विशेष पूजा-अर्चना भी कराई गई। वहीं, महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना के साथ सोमवती अमावस्या का व्रत रखा, सत्यवान-सावित्री की कथा सुनी और विधि-विधान से पूजा कर व्रत का पारण किया।

यमुना पुल से लटका मिला युवक
सोमवती अमावस्या के दौरान यमुना पुल पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक पुल की रेलिंग पकड़कर लटक गया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। तहसीलदार अर्जुन सिंह ने बताया कि युवक हरियाणा का रहने वाला था और शराब के नशे में था। पूछताछ के बाद उसे कड़ी हिदायत देकर वापस भेज दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें