शामली। शामली चीनी मिल में गन्ना पेराई करने वाला करीब 140 टन वजन का रूलहा (रोलर) अचानक गिर गया। रोलर की चपेट में आकर वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी गंभीर घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो कर्मचारियों को मेरठ रेफर कर दिया गया। इस हादसे के दौरान मिल में अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
अपर दोआब शुगर मिल के हाउस में सुबह करीब नौ बजे कर्मचारी काम कर रहे थे। कुछ कर्मचारी मरम्मत करने के लिए रोलर को मशीन से उतार रहे थे। करीब 12 फुट ऊंचाई से तारों की जंजीर में बंधा रोलर अचानक फिसलकर नीचे गिर गया। भारी वजन होने के कारण रोलर तेज आवाज के साथ नीचे गिरा तो वहां काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई।
रोलर की चपेट में आकर फीटर के पद पर कार्यरत प्रवेश उर्फ कन्हैया निवासी बनत और प्रवीण निवासी गांव भड़ल जिला बागपत और खलासी के पद पर कार्यरत लीलू निवासी बनत गंभीर घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर मिल के डीजीएम केन दीपक राणा और सुरक्षा प्रबंधक गुरप्रीत सिंह समेत कई मिल अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान मौके पर कर्मचारियों की भीड़ लग गई। मिल अधिकारियों ने एंबुलेंस से तत्काल घायल तीनों कर्मचारियों को बुढ़ाना रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद प्रवेश और प्रवीण को मेरठ रेफर कर दिया। लीलू का स्थानीय निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। डीजीएम केन दीपक राणा ने बताया कि रोलर की चपेट में आकर तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।