शामली। हादसे में हुई दंपति और उनकी बेटी की मौत के बाद तीनों के शव घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। सैकड़ों लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति सांत्वना जताई। इसके बाद गमगीन माहौल में शव सुपुर्द ए खाक कर दिए गए।
करनाल रोड पर बालाजी धाम के पास शनिवार रात शहर के मोहल्ला सरवरपीर निवासी बाइक सवार शफीक, उसकी पत्नी शमीम उर्फ छम्मो तथा बेटी हुस्ना को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी थी।
हादसे में तीनों लोगों की मौत हो गई थी। अस्पताल पहुंचकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों और अन्य लोगों ने हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिए थे। पोस्टमार्टम कराने के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
उधर, रविवार की सुबह मोहल्ला सरवरपीर स्थित मकान से दंपति और उनकी बेटी के शव सुपुर्द ए खाक करने के लिए कब्रिस्तान ले जाए गए। इस दौरान शहर के सैकड़ों लोग जनाजे में शामिल हुए।
परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत होने से हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। तीनों के शव को गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक किया गया। उधर, मामले में शफीक के बेटे नदीम की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को तलाश किया जा रहा है।
एलम में सादगीपूर्ण मनाई जाएगी दीपावली
कांधला। एक महीने के दौरान ही एयरफोर्स के फ्लाइट इंजीनियर और दो छात्रों की मौत से कस्बा एलम में शोक का माहौल है, जिस कारण दीपावली का त्योहार सादगीपूर्ण मनाया जाएगा। रविवार को नगर पंचायत एलम के पूर्व चेयरमैन उदयवीर पंवार ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि कस्बा एलम निवासी एयरफोर्स के फ्लाइट इंजीनियर गौतम पंवार की हैलीकॉप्टर हादसे में मौत हुई।
उससे पूर्व कस्बा एलम के ही छात्र निशांत की ब्लूव्हेल गेम के कारण हादसे में जान चली गई थी। वहीं, छात्र आदित्य शर्मा की स्कूल बस से गिरने के बाद मौत हो गई। कस्बा एलम में इन तीनों हादसों की वजह से पीड़ित परिवारों में मातम का माहौल है, तो कस्बे में भी लोग गमजदा हैं। पूर्व चेयरमैन ने कहा कि इसी कारण दीपावली सादगीपूर्ण मनाई जाएगी। इस दौरान कुलदीप पंवार, सुल्तान पंवार, सतबीर सिंह आदि रहे। ब्यूरो