शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम जानकारी हाथ लगी है। पुलिस के अनुसार, गोगी गिरोह में महिलाओं की भूमिका भी सामने आई है।
करनाल की जेल में बंद पंपू गिरोह के राकेश पंपू ने सोनीपत और पानीपत निवासी एक महिला और दो अन्य लोगों के माध्यम से शार्प शूटरों से संपर्क किया था। आरोप है कि इन्हीं लोगों ने शार्प शूटरों को पांच-पांच लाख रुपये का झांसा देकर अंकित की हत्या की डीलिंग कराई थी। पुलिस अब महिला और दोनों अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार शूटरों से डीलिंग करने के लिए पंपू के कहने पर महिला समेत तीनों लोग जेल भी पहुंचे थे। पुलिस जेल के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
महिला और अन्य सदस्यों को भी बनाया जाएगा आरोपी
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में महिला और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका सामने आई है। उन्हें भी मामले में आरोपी बनाया जाएगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
4500 रुपये में दिल्ली से खरीदा था जीपीएस
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि शूटर मोहित और सुमित ने करीब 4500 रुपये में दिल्ली से जीपीएस खरीदा था। पुलिस संबंधित दुकानदार से पूछताछ कर चुकी है, हालांकि अभी उसकी भूमिका सामने नहीं आई है। दोनों ने 20 अगस्त को जीपीएस कार में लगाया था, लेकिन वह सक्रिय नहीं हो सका था।