कैराना। कांधला रोड पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में मवेशियों से भरा कैंटर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। जिसमें तीन मवेशियों की मौत हो गई। मवेशियों के दस बच्चे घायल हो गए। सूचना पर पुलिस एवं पशु चिकित्सक की टीम मौके पर पहुंची।
रविवार को कांधला की ओर से आ रहा पशुओं से भरा एक कैंटर ऊंचा गांव के निकट बाइक सवार को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर पलट गया। जिसमें मवेशियों के तीन बच्चों की मौत हो गई तथा 10 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। कैंटर चालक कासिम निवासी बागपत ने बताया कि वह बड़ौत पशु पैंठ से अपने कैंटर में भैंसों के 28 बच्चे भरकर लाया था। जिनको सहारनपुर पशु पैंठ में ले जाना था। ऊंचा गांव के निकट गाड़ी के सामने अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया। जिससे कैंटर पलट गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस ने पशुओं के डॉक्टर पुष्पेंद्र को बुलाकर घायल पशुओं का इलाज कराया। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि एक गाड़ी में 28 पशु भरने के आरोप में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मृत मवेशियों का पीएम करा कर गड्ढे में दबवा दिया गया है तथा घायलों का उपचार कराया जा रहा है। कैंटर चालक एवं क्लीनर हिरासत में है।