साधुओं के वेश में नाम बदलकर मांग रहे थे भिक्षा
शामली, कांधला। साधुओं का भेष बनाकर भिक्षा मांग रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने शक होने पर पकड़ कर पूछताछ की। सही जानकारी न देने पर पुलिस बुला ली। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर जांच की तो वह मुस्लिम निकले। जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। बाद में पुलिस ने दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उनके पास से ऑस्ट्रेलियाई करंसी भी बरामद हुई।
क्षेत्र के गांव भारसी में दो युवक साधुओं के रूप में घर-घर जाकर भिक्षा मांग रहे थे। गांव की कुछ महिलाओं ने उनके हावभाव पर शक होने पर उनसे पूछताछ करने का प्रयास किया। जिस पर दोनों युवक वहां से जाकर दूसरी गली में भिक्षा मांगने लगे। जिसके बाद गांव के लोगों ने मौके पर जाकर दोनों युवकों को पकड़कर उनसे पूछताछ करने का प्रयास किया तो दोनों युवकों ने अपना नाम राहुल व फकड़ सिंह निवासी फैजाबाद बताया, उन्होंने बताया कि वह बंजारों के साथ गांव में आए हैं। उनके पास आधार कार्ड नहीं है। दोनों युवकों से बार-बार पूछताछ के बाद भी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों युवकों की जांच की। जांच के दौरान एक युवक का नाम नाजम निवासी श्रावस्ती पता चला। दूसरे के पास से कोई आधार कार्ड बरामद नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इन लोगों के पास से एक ऑस्ट्रेलियाई डॉलर, ताबीज तथा मजार के कपड़े आदि बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। काफी संख्या में ग्रामीण भी थाने में पहुंच गए। बाद में पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया।