शामली। त्योहारों को लेकर प्रशासन ने तैयारी कर ली है। धनतेरस से एक दिन पूर्व भी बाजारों में ई-रिक्शाओं के संचालन पर रोक नहीं लगी, जिसके कारण दिन भर शहर के विभिन्न बाजारों में जाम लगा रहा। अधिकारियों ने मंगलवार से बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक की बात कहीं है।
मंगलवार को धनतेरस का पर्व मनाया जाएगा। सोमवार को शहर के बड़ा बाजार, गांधी चौक बाजार, कबाड़ी बाजार, नया बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों पर रोक नहीं लगने के कारण दिनभर शहर और बाजारों में में जाम लगा रहा। दुकानदार पंकज कुमार, मनीष कुमार का कहना है कि ई रिक्शा पर रोक के बाद ही लोगों को जाम से मुक्ति मिल सकेगी।एएसपी संतोष कुमार ने बताया कि कल से ई रिक्शा के बाजार में प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा फव्वारा चौक, नया बाजार, शिव चौक की तरफ मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग की जाएगी। अतिक्रमण करने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
तीन जोन में बांटा जिला, कड़ी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। धनतेरस, दिपावली और गोवर्धन पर्व के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली है। शामली के अलावा कैराना, कांधला, जलालाबाद, थानाभवन, झिंझाना के बाजारों में अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगा।
एएसपी संतोष कुमार ने बताया कि त्योहारों पर सुरक्षा के मद्देनजर जिले को तीन जोन और दस सेक्टर में बांटा गया है। शहर में बाजारों व चाैक चौराहों के लिए मुख्यालय से अतिरिक्त 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी और पीएसी शामली, कैराना व कांधला थाने को उपलब्ध कराई गई है। सात क्यूआरटी बनाई गई है। देहात के थानों को भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जिले में देहात के मार्गों व चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। कहा कि रिजर्व में भी पुलिस तैनात रहेगा, यदि कहीं पर सूचना मिली है तो तुरंत ही मौके पर भेजकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। छेड़छाड़ या फिर गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कडी़ कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर भी रखी जा रही निगरानी
एएसपी ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर कुछ लोग सोशल मीडिया पर आपत्ति जनक पोस्ट कर माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं। सोशल मीडिया पर भी दो टीमें निगरानी रख रही है। किसी ने आपत्तिजनक पोस्ट की तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।